विदिशा में तिरपाल ओढ़ाकर सड़क पर डिलीवरी कराई:मोबाइल टॉर्च में जन्मी बच्ची, वहीं लेटी रहीं; कॉल के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची

विदिशा में कई बार कॉल किए जाने पर भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो परिजन गर्भवती को लेकर पैदल ही अस्पताल निकल पड़े। बीच रास्ते में दर्द बढ़ गया। परिजन ने महिला को सड़क किनारे जमीन पर लेटा दिया। गांव की चौकीदार ने तिरपाल ओढ़ाकर मोबाइल की रोशनी में सड़क पर ही प्रसव कराया। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है। कुछ देर जच्चा-बच्चा सड़क पर ही लेटे रहे। इसके बाद एक स्थानीय निवासी अपनी कार लेकर आए और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। घटना पठारी इलाके के छपारा गांव में गुरुवार रात की है। जिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस बुलाई गई थी, वह गांव से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर है। पैदल चलते वक्त उठा तेज दर्द
छपारा गांव में रहने वाली संध्या पति संजय आदिवासी को गुरुवार रात करीब 12 बजे लेबर पेन होने लगा। परिजन ने 108 एम्बुलेंस और जननी एक्सप्रेस को कई बार फोन लगाया, लेकिन हर कॉल के बाद थोड़ी देर में पहुंचने की बात कही गई। घंटों बीत गए, लेकिन कोई वाहन नहीं पहुंचा। स्थिति बिगड़ती देख परिजन संध्या को पैदल ही अस्पताल ले जाने निकल पड़े। इसी दौरान गढ़ी मोहल्ला स्थित राशन दुकान के सामने संध्या को तेज प्रसव पीड़ा हुई। दर्द से कराहती संध्या को वहीं पर सड़क किनारे लेटा दिया गया। देखिए, तीन तस्वीरें… मोबाइल की टॉर्च जलाकर खड़ा रहा पति
खुले आसमान के नीचे, कड़ाके की ठंड में डिलीवरी के लिए संध्या का पति मोबाइल की टॉर्च जलाकर खड़ा रहा। महिला को ठंड से बचाने के लिए सिगड़ी जलाई गई। प्लास्टिक की तिरपाल ओढ़ा दी गई। पठारी की चौकीदार हरी बाई मौके पर पहुंचीं। उन्होंने हालात की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय दाई राजबाई को बुलाया। दोनों ने मिलकर सुरक्षित प्रसव कराया। करीब तीन बजे स्थानीय निवासी संजय जैन मदद के लिए आगे आए। अपनी कार से मां और नवजात बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। पति बोला- प्रसव के बाद भी नहीं पहुंची एम्बुलेंस
संजय आदिवासी ने कहा कि अगर समय पर एम्बुलेंस पहुंच जाती, तो उनकी पत्नी को सड़क पर यह पीड़ा नहीं सहनी पड़ती। संजय ने बताया- एम्बुलेंस के लिए 3 बार फोन किया। कॉल को 15-15 मिनट के लिए होल्ड पर रख दिया गया। रात करीब 2 बजे पैदल ही अस्पताल के लिए निकले। दर्द के कारण संध्या चल नहीं पा रही थी। रुकते-रुकते 1 किलोमीटर ही चले थे कि संध्या को तेज दर्द होने लगा। उसे सड़क किनारे लेटा दिया। ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। रात करीब 3 बजे बच्ची का जन्म हुआ। तब तक भी एम्बुलेंस नहीं आई थी, ग्रामीणों की मदद से करीब 4 बजे हम अस्पताल पहुंचे।
कहा- एम्बुलेंस का नंबर ले लो, हम अभी नहीं आ पाएंगे
वहीं, संध्या ने कहा- 108 को फोन किया तो उन्होंने लेट आने का बोला। इसके बाद 112 को फोन लगाया तो वह कहने लगे कि एम्बुलेंस का नंबर ले लो, हम अभी नहीं आ पाएंगे। महिला की मदद के लिए पहुंचे संजय जैन ने कहा- रात में करीब साढ़े 3 बजे जानकारी मिली थी कि महिला को डिलीवरी हो रही है। गाड़ी की जरूरत है तो मैं वहां तुरंत पहुंचा। मां और बच्ची की नाल जुड़ी थी इसलिए तुरंत लेकर नहीं आए। दाई ने नाल काटी, इसके बाद महिला को लेकर हम अस्पताल आए। कोई घर से पन्नी लाया, तो कोई कपड़े लेकर आया
स्थानीय निवासी मुकेश पंथी ने बताया कि रात के समय उनके घर के पास सड़क पर महिला दर्द से तड़प रही थी। आवाज सुनकर उनकी नींद खुली और वे तुरंत बाहर निकले। महिला को प्रसव पीड़ा से जूझते देखा। मुकेश ने पास में रहने वाले कृष्णा चौबे को भी जगा लिया। इसी दौरान उनकी भाभी हरी बाई, जो चौकीदार हैं, मौके पर पहुंच गईं। हालात को देखते हुए हरी बाई ने हिम्मत दिखाई और वहीं सुरक्षित तरीके से डिलीवरी कराई। कड़ाके की ठंड में महिला और नवजात बच्ची को बचाने के लिए मोहल्ले के लोग भी मदद के लिए आगे आए। कोई अपने घर से पन्नी लाया, तो कोई कपड़े लेकर आया। हरी बाई सिगड़ी लेकर आईं और आग जलाकर महिला और बच्ची को ठंड से राहत दिलाई। CMHO बोले- जांच के बाद कार्रवाई करेंगे
सीएमएचओ रामहित कुमार ने बताया कि पठारी के पास कुरवाई और त्योंदा में एंबुलेंस हैं, वे मौके पर पहुंच सकती थीं। कहां लापरवाही हुई है, इसकी जांच करके कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी जिले में एम्बुलेंस को लेकर लापरवाही सामने आई है। मामले में स्टाफ पर कार्रवाई करते हुए 10 हजार का जुर्माना लगाया था। ये खबर भी पढ़ें… एम्बुलेंस नहीं आई, स्वास्थ्य केंद्र बंद मिला…सड़क पर डिलीवरी विदिशा जिले के शमशाबाद में महिला ने सड़क पर बच्ची को जन्म दिया। परिजन का आरोप है कि कई बार फोन करने पर एम्बुलेंस नहीं आई। मजबूरी में वे महिला को बाइक पर बैठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचे। यहां ताला लगा था। परिजन महिला को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए निकले लेकिन रास्ते में ही प्रसव हो गया। पढे़ं पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *