हरपालपुर में अवैध रेत-गिट्टी परिवहन पर प्रशासन की सख्ती:डंपर और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों जब्त, रेलवे निर्माण स्थल पर 95 मुरम के ढेर का निरीक्षण

छतरपुर जिले के हरपालपुर में खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को अवैध रेत-गिट्टी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने हरपालपुर रेलवे फाटक के पास से बिना वैध दस्तावेजों के गिट्टी और रेत का परिवहन कर रहे एक डंपर और तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। प्रभारी खनिज निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया कि जांच के दौरान ये वाहन ओवरलोड पाए गए और इनके पास परिवहन संबंधी कोई वैध टीपी (ट्रांजिट पास) नहीं था। जब्त किए गए वाहनों को हरपालपुर थाने में सुरक्षित खड़ा कराया गया। खनिज अधिकारी ने यह भी कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इसी क्रम में, संयुक्त टीम ने नगर के रेलवे प्लेटफॉर्म 2 के निर्माण स्थल और झांसी-मानिकपुर रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। यहां टीम को लगभग 95 डंपर मुरम (मिट्टी/गिट्टी) का ढेर मिला, जिसका उपयोग ठेकेदार द्वारा रेलवे ट्रैक के बेस निर्माण में किया जा रहा था। टीम ने ठेकेदार से मुरम के संबंध में दस्तावेज मांगे। ठेकेदार ने नौगांव मुरम खदान से संबंधित टीपी होने का दावा किया और बताया कि कुछ टीपी कार्यालय में रखे हैं। मौके पर टीम ने पंचनामा बनाने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि, रेलवे ठेकेदार ने पंचनामा पर हस्ताक्षर करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद खनिज राजस्व की टीम वापस लौट आई। संयुक्त टीम की अन्य स्थानों पर छापामार कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। इस कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक मुनेंद्र सिंह, राजस्व निरीक्षक जीपी गुप्ता, पटवारी आशीष पांडेय, मनीष पटेल सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *