मऊगंज जिले के ग्राम पतेरी नारायण में पांच भैंसों की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित रमाकांत यादव ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद उन्होंने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय का रुख किया है। पीड़ित रमाकांत यादव (50) ने बताया कि 11 जनवरी की रात उन्होंने अपनी पांच भैंसें घर से कुछ दूरी पर स्थित मड़ई में बांधी थीं। रात करीब 12 बजे आरोपी बैजनाथ यादव को अपने दो साथियों के साथ भैंसें ले जाते हुए देखा गया था। गांव के गवाहों ने भी इसकी पुष्टि की है। सुबह भैंसें गायब मिलने पर रमाकांत ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस घटना के बाद 12 जनवरी को थाना मऊगंज में शिकायत दर्ज कराई गई थी। हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने न तो चोरी हुई भैंसों की तलाश की और न ही आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई की। रमाकांत यादव के अनुसार, जब उन्होंने आरोपी बैजनाथ यादव से भैंसों के बारे में पूछताछ की, तो आरोपी ने उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने भैंसें बेच दी हैं। पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने फोन पर भी गाली-गलौज की, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। आरोपी ने अपनी ‘पहुंच’ का हवाला देकर पीड़ित को डराने की भी कोशिश की। पुलिस द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने से आहत होकर पीड़ित ने शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में चोरी हुई भैंसों की बरामदगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


