इंदौर के राजेंद्र नगर थाने पर शुक्रवार को सियासी तापमान उस वक्त बढ़ गया, जब मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस का बड़ा प्रतिनिधिमंडल शिकायत दर्ज कराने पहुंचा। मामला SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के तहत फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग से जुड़ा है, जिसके जरिए बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने का आरोप कांग्रेस ने भाजपा और प्रशासन पर लगाया है। राजेंद्र नगर थाने के बाहर वे मतदाता भी मौजूद थे, जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि ये सभी मतदाता पिछले कई चुनावों से इसी बूथ पर मतदान करते आ रहे हैं और 2003 की मतदाता सूची में भी इनके नाम दर्ज हैं। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी नीरज बिरथरें से मुलाकात कर बिजलपुर निर्वाचन केंद्र के संबंधित BLO और फर्जी आपत्ति दर्ज कराने वाले लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि बिना भौतिक सत्यापन, बिना मौके की जांच और बिना पंचनामा बनाए 52 से अधिक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। ‘भाजपा नेताओं के इशारे पर फॉर्म-7 का दुरुपयोग किया जा रहा’ मीडिया से बातचीत में जीतू पटवारी ने कहा पूरे प्रदेश में भाजपा नेताओं के इशारे पर फॉर्म-7 का दुरुपयोग किया जा रहा है। यह प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि दलित, पिछड़ा, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग के मताधिकार को खत्म करने की सुनियोजित साजिश है। पटवारी ने दावा किया कि वे खुद राऊ विधानसभा के एक बूथ के कांग्रेस BLA हैं, जहां सरकारी BLO और भाजपा के BLA की मिलीभगत से मतदाताओं के नाम काटे गए। 1950 की धारा 31 के तहत गलत जानकारी देकर नाम कटवाने पर एक साल की सजा का प्रावधान है। सज्जन सिंह वर्मा बोले- यह लोकतंत्र पर हमला पूर्व मंत्री और कांग्रेस SIR राज्य स्तरीय समिति के अध्यक्ष सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि बिना सत्यापन और बिना सुनवाई के नाम काटना संविधान प्रदत्त मताधिकार पर सीधा हमला है। यह कोई गलती नहीं, बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने की सोची-समझी कोशिश है। कांग्रेस ने ऐलान किया है कि SIR प्रक्रिया में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदेश के हर जिले और हर थाने में FIR दर्ज करवाई जाएगी। पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। दूषित पेयजल से मौतों का मुद्दा भी उठा इसी दौरान कांग्रेस नेताओं ने भागीरथ पूरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से हुई मौतों का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस का आरोप है कि क्षेत्र में मानव मल-मूत्र से युक्त पानी की आपूर्ति के कारण कई लोगों की जान गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि 3 फरवरी को राजबाड़ा, इंदौर पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरने में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की जाएगी।


