मनरेगा का नाम बदलने पर बालाघाट में कांग्रेस का प्रदर्शन:सालेटेका में दिया धरना; विधायक भगत बोले- देश को तीन लोग चला रहे

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को परसवाड़ा विधानसभा के सालेटेका में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के इस धरना प्रदर्शन में विधायक मधु भगत और जिला पंचायत सदस्य डाली कावरे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी कोई योजना लाने के बजाय केवल कांग्रेस के ऐतिहासिक कार्यों के नाम बदलने में जुटी है। विधायक बोले- श्रमिकों के हक पर डाका डाल रही सरकार धरने को संबोधित करते हुए विधायक मधु भगत ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने देश के गरीब मजदूरों को 100 दिन के रोजगार की गारंटी देने के लिए मनरेगा कानून बनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस योजना का नाम बदलकर ‘वीबीजी रामजी कानून’ कर दिया है, जो उनकी संकुचित सोच को दर्शाता है। भगत ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार को ‘महात्मा गांधी’ के नाम से इतनी चिढ़ क्यों है कि वह गरीबों की जीवनरेखा मानी जाने वाली योजना का स्वरूप बिगाड़ रही है।विधायक मधु भगत ने केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आज देश को केवल तीन शक्तियां भाजपा, आरएसएस और प्रधानमंत्री मिलकर चला रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एक ऐसी संस्था बन गए हैं जिनके सुबह के बयान शाम तक ‘जुमला’ साबित हो जाते हैं। नोटबंदी और कृषि कानूनों का उदाहरण देते हुए उन्होंने आशंका जताई कि मोदी सरकार की नीतियां देश को आर्थिक और सामाजिक गुलामी की ओर धकेल रही हैं। कांग्रेसियों ने दी आंदोलन की चेतावनी प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा को कमजोर करना सीधे तौर पर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर हमला है। उन्होंने मांग की कि योजना का नाम और उसका मूल स्वरूप यथावत रखा जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने जनविरोधी फैसले वापस नहीं लिए, तो यह आंदोलन हर गांव और गली तक पहुंचेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *