परिश्रम और आत्मविश्वास को साथी बनाइए : पीके दुबे

भास्कर न्यूज | गढ़वा अवध राज देवी ट्रस्ट द्वारा संचालित एआरडी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विदाई समारोह भावनाओं, स्मृतियों और प्रेरणादायक संदेशों से भरा रहा। यह अवसर न केवल विद्यार्थियों के लिए, बल्कि शिक्षकों और विद्यालय परिवार के लिए भी अत्यंत भावुक क्षणों का साक्षी बना। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक पी के दूबे व प्राचार्या अणिमा पाण्डेय के द्वारा संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलित कर किया गया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। गीतों और भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने विद्यालय के प्रति अपने स्नेह, आभार और यादों को अभिव्यक्त किया। कई अवसरों पर वातावरण इतना भावुक हो गया कि विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक भी भावनाओं से अभिभूत दिखाई दिए। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक पी के दूबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज आप जिस मुकाम पर खड़े हैं। वह आपके जीवन की दिशा तय करने वाला है। परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास को अपना साथी बनाइए। विद्यालय को आप पर गर्व है और हमें पूर्ण विश्वास है कि आप सभी भविष्य में समाज और देश के लिए श्रेष्ठ कार्य करेंगे। विद्यालय की प्राचार्या अणिमा पाण्डेय ने अत्यंत भावुक शब्दों में विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इन बच्चों के साथ बिताया गया हर पल हमारे लिए अमूल्य है। इनकी मुस्कान, मेहनत और सफलता ही हमारे शिक्षक जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। जीवन में कितनी भी ऊंचाई पर पहुंचें, अपने संस्कारों और गुरुओं को कभी न भूलें। उनके शब्दों ने विद्यार्थियों की आंखें नम कर दीं। परीक्षा नियंत्रक रागिनी यादव ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि डर नहीं, विश्वास के साथ परीक्षा दें। आपने जो सीखा है, वही आपकी सबसे बड़ी ताकत है। सकारात्मक सोच और निरंतर अभ्यास से सफलता निश्चित है। विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस विद्यालय में बिताया गया समय उनके जीवन की सबसे अनमोल पूंजी है। छात्रों ने शिक्षकों के स्नेह, मार्गदर्शन और मित्रों के साथ बिताए गए पलों को जीवन भर संजोकर रखने की बात कही। कई विद्यार्थियों ने कहा कि यह विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर इंसान बनाने वाली संस्था है। कार्यक्रम के अंत में जूनियर विद्यार्थियों द्वारा सीनियर्स को उपहार भेंट किए गए तथा सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई। समारोह का समापन गर्व, प्रेरणा और भावनाओं से भरे वातावरण में हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *