भास्कर न्यूज |लुधियाना फोकल पॉइंट के नीची मंगली स्थित हाईवे फर्नीचर इंडस्ट्री में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट के दौरान काम करते समय नींद आ जाने से एक मजदूर प्लास्टिक पिघलाने वाली मशीन में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चितरंजन कुमार निवासी बिहार के रूप में हुई है। पुलिस चौकी ईश्वर नगर के जांच अधिकारी जोगिंदर पाल ने बताया कि फैक्ट्री में प्लास्टिक की कुर्सियां बनाई जाती हैं और मृतक अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ वहीं रहता था। हादसे की रात वह नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर था। सुबह करीब 4 से 4:30 बजे के बीच काम करते हुए उसे नींद आ गई और वह मुंह के बल मशीन में गिर पड़ा। मशीन में प्लास्टिक पिघलाकर कुर्सियां बनाई जा रही थीं, जिस कारण गर्म प्लास्टिक उसके चेहरे और शरीर पर गिर गया। मजदूर ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन बाहर नहीं निकल सका। बाद में अन्य कर्मचारियों ने मशीन बंद कर उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


