भास्कर न्यूज |लुधियाना जिला कचहरी परिसर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पेशी के लिए लाए गए एक आरोपी ने पुलिस कस्टडी से फरार होने का प्रयास किया। जानकारी अनुसार, पुलिस एक मामले में आरोपी युवक को कोर्ट में पेशी के लिए लाई थी। जैसे ही उसे कोर्ट रूम की ओर ले जाया जा रहा था, तभी उसने मौका पाकर पुलिस से हाथ छुड़ाया और भागने लगा। आरोपी को भागता देख मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत शोर मचाते हुए उसका पीछा किया। इसी दौरान कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने भी तुरंत मोर्चा संभाल लिया और चारों ओर से घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर आरोपी को काबू कर लिया। इस दौरान कचहरी परिसर में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को पुलिस पकड़कर वापस ले जाती दिख रही है। मामले में जब थाना डिवीजन-5 पुलिस से संपर्क किया गया तो उन्होंने फिलहाल कोई भी जानकारी देने से इनकार किया।


