भास्कर न्यूज | लुधियाना सिविल लाइंस के दीप नगर में श्री राधा गोविंद संकीर्तन मंडल सेवक सिद्ध पीठ की ओर से आयोजित भव्य हरिनाम संकीर्तन में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे श्री ठाकुर जी के दिव्य और मनोहारी दरबार ने श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिवम आहूजा परिवार द्वारा ठाकुर जी के विधिवत पूजन-अर्चन से हुआ जिसके बाद गणेश वंदना और हरे कृष्ण हरे राम महामंत्र के सामूहिक जाप ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। मंडल के मुख्य गायक केशव जोशी, विशाल अरोड़ा एवं प्रिंस छाबड़ा ने जब अपनी सुरीली आवाज़ में भजनों की प्रस्तुति दी तो भक्त सुध-बुध खोकर झूमने लगे। विशेष रूप से जब पंजाबी भजन हारा वाला साडा साईं वे, असां ला लईआं यारीआं और मुरली वाला साडा साईं वे की गूंज उठी तो पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। इसके अलावा मेरा गोपाल गिरधारी ज़माने से निराला है और कब रिझोगी प्यारी श्यामा जैसे मधुर भजनों ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नगर-नगर जाकर हरिनाम का प्रचार-प्रसार करना और आज की भटकती युवा पीढ़ी को सनातन संस्कारों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि संकीर्तन के माध्यम से समाज में सकारात्मकता और आध्यात्मिक जागृति फैलाना ही मंडल का संकल्प है। कार्यक्रम के अंत में ठाकुर जी को छप्पन भोग लगाकर मंगल आरती की गई। इस अवसर पर राहुल बस्सी, संजय वर्मा, माधव कालड़ा, विशाल वशिष्ठ, शुभम ढल, सतीश वशिष्ठ, राजीव खोसला और अरुण टंडन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे जिन्होंने संकीर्तन के बाद श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।


