भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर की ट्रांसपोर्ट नगर तहसील में आने वाली आम जनता को भारी ट्रैफिक जाम के कारण गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तहसील के बाहर ट्रकों और भारी वाहनों का इतना अधिक दबाव है कि लोगों को तहसील परिसर के अंदर पहुंचने में ही घंटों लग जाते हैं। रजिस्ट्री जैसे जरूरी काम के लिए आने वाली पब्लिक पहले जाम से जूझती है और उसके बाद पार्किंग की समस्या से परेशान होती है। हैरानी की बात यह है कि इतना भीषण जाम होने के बावजूद इस पूरे एरिया में ट्रैफिक पुलिस का कोई भी मुलाजिम तैनात नहीं है। लोगों ने मांग की है कि तहसील के बाहर ट्रैफिक पुलिस की स्थायी ड्यूटी लगाई जाए और अवैध रूप से खड़े ट्रकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। {ट्रांसपोर्टर जगदीश सिंह जस्सोवाल ने बताया कि इस सड़क पर घंटों लगने वाले जाम के लिए एनएचआई की लापरवाही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि अगर सड़क निर्माण का काम किया जा रहा था तो ट्रैफिक को लिंक रोड की ओर डायवर्ट किया जाना चाहिए था। लेकिन दिल्ली और जालंधर की ओर से आने वाला सारा ट्रैफिक इसी मार्ग पर रोक दिया गया है। इसके अलावा रॉन्ग साइड से भी वाहन आ जाते हैं, जिससे चारों तरफ से जाम लग जाता है। {तहसील में रजिस्ट्री कराने आई सुनीता रानी ने बताया कि वह सुबह 10 बजे ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचीं, लेकिन करीब एक घंटा जाम में फंसी रहीं। उन्होंने कहा कि सड़क के दोनों ओर ट्रक खड़े थे और बीच में भारी ट्राले जाम का कारण बने हुए थे। परमजीत सिंह ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों की हालत भी बेहद खराब है। गड्ढों और टूटी सड़कों के कारण कारों के पहिये तक खड़क जाते हैं। तहसील परिसर तक धूल-मिट्टी उड़ती रहती है, जिससे वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है।


