मुख्य सचिव ने वीसी से की पीएम जनमन कार्यक्रम की समीक्षा

प्रदेश के मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में सहरिया जनजाति विकास को लेकर चल रही पीएम जनमन योजना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। वीडियो कांफ्रेंसिंग हॉल से वीडियो कांफ्रेंस में जुड़े कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने पीएम जनमन योजना के तहत जिले में किए गए कार्यों व प्रगति के बारे में जानकारी दी। वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान भावतीपुरा खटका में सहरिया आवासीय कॉलोनी प्रधानमंत्री सड़क योजना के माध्यम से निर्मित सड़कों, चल चिकित्सा सेवा, विद्युत व नल कनेक्शन, वनधन विकास केन्द्र, मल्टीपरपज सेन्टर, मोबाइल टावर स्थापना, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास आदि कार्यों पर चर्चा की गई। पीपीटी के माध्यम से प्रदर्शित योजना के कार्यों में प्रगति की मुख्य सचिव ने सराहना की। वीडियो कांफ्रेंस में सीईओ जिला परिषद राजवीर सिंह चौधरी, एडीएम शाहबाद जब्बर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। वहीं मुख्य सचिव श्रीनिवास ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर से चर्चा की। मुख्य सचिव ने समीक्षा के दौरान शिविर में कृषि एवं उद्यानिकी, कृषि विपणन, सहकारिता, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, उद्योग, जल संसाधन, ऊर्जा आदि विभागों से संबंधित कार्यों तारबंदी, पाइपलाइन, पीएम सूर्य घर, कृषक साथी योजना, पशु टीकाकरण, पीएम आवास, स्वरोजगार, वंदे गंगा आदि की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत शेष रहे शिविरों में प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए शिविर में आने वाले ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *