एसीबी ने पूछा… आप 2010 में अमेरिका और हॉन्गकॉन्ग यात्रा पर गए, इसकी जानकारी सरकार को क्यों नहीं दी?

जवाब में विनय चौबे ने साध ली चुप्पी… आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे से एसीबी ने पूछताछ शुरू कर दी है। उन्हें चार दिन के रिमांड पर शुक्रवार को एसीबी मुख्यालय लाया गया। अब चार दिन तक उनसे पूछताछ होगी। एसीबी ने पहले दिन विनय चौबे से उनकी आय, संपत्ति, निवेश और विदेश यात्रा से जुड़े सवाल किए, लेकिन अधिकतर सवालों पर उन्होंने चुप्पी साध ली। एसीबी ने चौबे से पूछा कि आपने कितनी बार सरकार को जानकारी देकर विदेश यात्राएं कीं। चौबे ने कहा कि जितनी बार गया, सरकार को जानकारी दी। एसीबी ने कहा- आपने 12 बार विदेश यात्राएं कीं, लेकिन सरकार को सिर्फ 10 विदेश यात्राओं की ही जानकारी दी। आप 2010 में अमेरिका और हॉन्गकॉन्ग की यात्रा पर गए, लेकिन इसकी जानकारी सरकार को नहीं दी, क्यों? इस सवाल का विनय चौबे ने कोई जवाब नहीं दिया। एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में अनुसंधान के दौरान राज्य सरकार से उनकी विदेश यात्राओं के संबंध में जानकारी जुटाई है। उसी साक्ष्य के आधार पर उनसे पूछताछ चल रही है। विनय सहित 7 पर दर्ज है केस, 4 लोगों से हो चुकी है पूछताछ एसीबी ने 24 नवंबर को विनय चौबे समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर में उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, ससुर एसएन त्रिवेदी, साला शिपिज त्रिवेदी, सरहज प्रियंका त्रिवेदी, सहयोगी विनय सिंह और उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को भी आरोपी बनाया गया है। इस मामले में एसीबी स्वप्ना संचिता, एसएन त्रिवेदी, शिपिज त्रिवेदी और प्रियंका त्रिवेदी से पूछताछ कर चुकी है। विनय सिंह दूसरे मामले में हजारीबाग जेल में बंद है, वहीं उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह फरार चल रही हैं। आज नोएडा फ्लैट से रांची प्लॉट तक से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे: एसीबी शनिवार को उनसे रिश्तेदारों के नाम नोएडा, रांची और अशोक नगर की कई संपत्तियों को लेकर गहन पूछताछ करेगी। जांच के दौरान इन संपत्तियों में काले धन के निवेश के स्पष्ट संकेत मिलने के बाद एसीबी ने सवाल तैयार कर रखे हैं। एसीबी को जांच में चौबे के साले शिपिज त्रिवेदी के नाम नोएडा स्थित फ्लैट, रांची में सरहज प्रियंका त्रिवेदी के फ्लैट और अशोक नगर में ससुर एसएन त्रिवेदी के नाम प्लॉट व आवास से जुड़े अहम दस्तावेज मिले हैं। सभी दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं। एसीबी संपत्तियां बेचने वालों, रिश्तेदारों और सहयोगियों से पहले ही पूछताछ कर चुकी है। एसीबी ने शुक्रवार को विनय चौबे के दो चार्टर्ड अकाउंटेंट उपेंद्र शर्मा और धनंजय कुमार से भी दूसरे दिन लगातार पूछताछ की। उनसे पूछा गया कि एक निर्धारित अवधि में विनय चौबे की आय 2.20 करोड़ रुपए रही, जबकि उनके नियंत्रण वाले खातों में 3.47 करोड़ का ब्यौरा मिला। इसकी जानकारी उन्हें दी गई थी या नहीं। दोनों चार्टर्ड अकाउंटेंट इस संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। दोनों से विनय चौबे के रिश्तेदारों के नाम चल-अचल संपत्तियों, उनके द्वारा किए गए निवेश के बारे में भी सवाल पूछे गए। दोनों चार्टर्ड अकाउंटेंट ने एसीबी को बताया है कि रिटर्न फाइल करने के लिए जो जानकारी उनकी ओर से दी जाती थी, वे सिर्फ उन्हीं का हिसाब-किताब रखते थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *