छापे में 3 करोड़ कैश मिले, सबसे ज्यादा 1.25 करोड़ योगेश साहू के फ्लैट से

बाबा राइस मिल ग्रुप और चावल आढ़तियों (कमीशन एजेंट) के 42 ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। आयकर विभाग की टीम गुरुवार से ही रांची, जमशेदपुर, पटना, गया और औरंगाबाद में इनके ठिकानों पर छानबीन कर रही है। अब तक तीन करोड़ रुपए से ज्यादा कैश और ज्वेलरी मिली है। सबसे ज्यादा 1.25 करोड़ रुपए कैश राइस मिल ग्रुप के मुख्य प्रोपराइटर योगेश साहू के रांची में बरियातू रोड स्थित ला विस्टा अपार्टमेंट के फ्लैट से मिले। आयकर टीम ने इस राशि के स्रोत की जानकारी मांगी तो वे इसका दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके अलावा उनके अन्य सहयोगियों के ठिकानों से 75 लाख, 50 लाख, 20 लाख और 10-10 लाख रुपए कैश मिले हैं। प्रॉपर्टी के भी कई दस्तावेज जब्त किए गए हैं। आयकर विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह 7 बजे से बाबा एग्रो फूड और बाबा फूड प्रोसेसिंग प्रा. लि. से जुड़े निदेशकों व आढ़तियों के यहां छापेमारी शुरू की थी। इसमें 500 से अधिक आयकर के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक छापेमारी अभी दो दिन और जारी रहेगी। कई फैक्ट्री और गोदाम मिले, जिनका आयकर रिटर्न में जिक्र नहीं आयकर विभाग को कई ऐसे फैक्ट्री और गोदाम की भी जानकारी मिली है, जिनका आयकर रिटर्न में जिक्र नहीं है। अब आयकर विभाग की टीम उद्योग विभाग के माध्यम से इसका वैल्यूएशन करा रही है, ताकि पता चल सके कि इन फैक्ट्री और गोदाम से कितनी कमाई कर चुके हैं और इसके माध्यम से कितने की टैक्स चोरी की गई है। वैल्यूएशन के बाद विभाग इस पर जुर्माना लगा सकता है। इसके अलावा जब्त ज्वेलरी का भी वैल्यूएशन कराया जा रहा है। झारखंड-बिहार में इन ठिकानों पर चल रही रेड रांची के नगड़ी स्थित बाबा राइस मिल, हरमू स्थित कार्यालय, कांके रोड स्थित कंपनी संचालक मनीष साहू के आवास और बरियातू रोड स्थित प्रोपराइटर योगेश साहू के आवास पर टीम छानबीन कर रही है। इसके अलावा जमशेदपुर के सर्किट हाउस क्षेत्र में चार्टर्ड अकाउंटेंट मनोज चौधरी के आवास, बिहार के गयाजी में धान के थोक कारोबारी राजेश साव और गौरीशंकर गुप्ता के आवास और गोदाम पर भी छापेमारी अभी चल रही है। औरंगाबाद में बाबा राइस मिल और सीता राइस मिल के परिसरों की भी तलाशी चल रही है। इनके अलावा बाबा एग्रो फूड और बाबा फूड प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े एस मोहंती, राज कुमार लाखोटिया, संचिता जायसवाल, मनीष कुमार, राखी साहू, एकता साहू, अमित कुमार और ज्ञान प्रकाश साहू के आवास और कार्यालयों पर भी आयकर की टीम की छानबीन जारी है। विभाग डिजिटल डिवाइस और दस्तावेजों को खंगाल रहा है। आढ़तियों के मोबाइल में मिले सबूत, हवाला से आता था पैसा आयकर विभाग 15 बड़े आढ़तियों के यहां भी छापेमारी कर रही है। इन आढ़तियों के मोबाइल की जांच में हवाला के 10-10 रुपए के नोट के स्क्रीन शॉट मिले हैं। इससे साफ हो गया है कि आढ़तियों के पास हवाला के माध्यम से पैसे आते थे। इस नोट के स्क्रीन शॉट के माध्यम से ये एक-दूसरे को बड़ी राशि ट्रांसफर करते थे। आयकर विभाग अब यह पता लगा रहा है कि इन आढ़तियों ने हवाला से किसे कितने रुपए भेजे। गौरतलब है कि हवाला से पैसे भेजने के लिए सिर्फ भुगतान के निर्देश और कोड का आदान-प्रदान होता है। पूरा धंधा हवाला कारोबारियों के नेटवर्क के बीच विश्वास पर निर्भर करता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *