रांची विश्वविद्यालय में चल रही एलएलएम थर्ड सेमेस्टर परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित निर्णय क्षमता और परीक्षा शुचिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रस्तुत किया है। मोरहाबादी कैंपस स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शुक्रवार को इस केंद्र पर उस पेपर की परीक्षा हुई, जिसका प्रश्न पत्र का पैकेट गलती से तीन दिन पहले ही खुल गया था। लेकिन दो दिन में ही यूनिवर्सिटी प्रशासन एक्सपर्ट के माध्यम से प्रश्न पत्र तैयार कर तीसरे दिन शुक्रवार को परीक्षा आयोजित कराने में सफल रहा। परीक्षा विभाग ने परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए समय रहते नया प्रश्नपत्र तैयार कर प्रिंट कराया। इससे परीक्षा कार्यक्रम प्रभावित नहीं हुआ और परीक्षार्थियों में भी भरोसा बना रहा। परीक्षा नियंत्रक संजय कुमार सिंह और विधि संकाय के डीन डॉ पंकज चतुर्वेदी ने शुक्रवार को परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने केंद्र अधीक्षक डॉ. अमर कुमार चौधरी से परीक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की और समुचित प्रबंधन पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों में अनुशासन और कदाचार मुक्त परीक्षा हो रही थी।


