कासं|सवाई माधोपुर राजस्थान उच्च न्यायालय जय पुर पीठ के आदेश की पालना में जिला एवं सेशन न्यायाधीश सवाई माधोपुर देवेंद्र दीक्षित, विधिक सचिव समीक्षा गौतम एवं आशुतोष सिंह आढ़ा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर द्वारा शुक्रवार को जिला कारागृह सवाई माधोपुर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला कारागृह के उपाधीक्षक बिहारी लाल से राजस्थान जेल नियम 2022 के अनुसार बंदियों के लिए पीने योग्य पानी की उपलब्धता, पानी के स्रोत, पानी के लिए स्टोरेज टैंक की उपलब्धता एवं उनकी साफ-सफाई, वॉटर एनालिसिस रिपोर्ट, आपातकालीन उद्देश्यों के लिए भूमिगत जल की उपलब्धता, स्नानागार की उपलब्धता एवं उनकी साफ-सफाई, बंदियों के नहाने और कपड़े धोने के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था, कपड़े धोने के लिए डिटर्जेंट और साबुन की सप्लाई, बंदियों के अनुपात में टॉयलेट की उपलब्धता, शौचालय की साफ-सफाई, बैरकों की साफ-सफाई आदि के संबंध में जानकारी ली गई। इस दौरान बंदियों की समस्याओं को सुनकर बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए जिला कारागृह के उपाधीक्षक को निर्देश दिए गए। इस मौके पर निरीक्षण चीफ एलएडीसी राधेश्याम जोगी, डिप्टी एलएडीसी वीरेंद्र कुमार वर्मा, असिस्टेंट एलएडीसी अक्षय सिंह राजावत, पीएलवी रणवीर चौधरी आदि उपस्थित रहे।


