जयपुर में महिला के पेट में 15 किलो की गांठ:7 टुकड़े कर निकाला; आंत-किडनी दब गई थी, सांस लेने में हो रही थी तकलीफ

जयपुर में एक महिला के पेट का ऑपरेशन कर 15 किलो की गांठ निकाली गई। सवाई मान सिंह हॉस्पिटल में 4 घंटे चले ऑपरेशन में गांठ के 6-7 टुकड़े कर निकाला गया। हॉस्पिटल में जनरल सर्जरी डिपार्टमेंट के एसोसिएट प्रोफेसर डॉक्टर राजेंद्र बुगलिया ने बताया- गांठ इतनी बड़ी थी कि इससे पेट की आंत और बायीं तरफ की किडनी दोनों दब रहे थे। ऑपरेशन में इन दोनों को डैमेज किए बगैर गांठ निकालना चुनौती था। डॉक्टर ने बताया- ऑपरेशन के बाद महिला अब बिल्कुल ठीक है और सामान्य जीवन जी रही है। सांस लेने में हो रही थी तकलीफ, वजन भी बढ़ गया था
ऑपरेशन 9 जनवरी को हुआ था। महिला को 23 जनवरी को छुट्टी दे दी गई थी। दो बार उसकी हेल्थ का रिव्यू लेने के बाद डॉक्टर्स की टीम ने गुरुवार को इस केस की जानकारी शेयर की। डॉक्टर राजेंद्र बुगलिया ने बताया कि उत्तर प्रदेश निवासी कलादेवी (51) 6 दिसंबर 2024 को ओपीडी में दिखाने आई थीं। उनका पेट बहुत बड़ा दिख रहा था। उन्हें एसएमएस हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। एक्सरे, सीटी स्कैन समेत तमाम जांच करवाने के बाद पता चला कि पेट में लिपोसारकोमा गांठ है। इसके बाद ऑन्कोलॉजी समेत कई डिपार्टमेंट से राय ली गई। सब जगह से क्लीयरेंस मिलने के बाद 9 जनवरी को ऑपरेशन किया गया। अमूमन इतनी बड़ी गांठ होना बहुत रेयर होता है। अक्सर इतनी बड़ी गांठ होती है तो उनमें से अधिकांश में फ्लूड भरा होता है, जिसे पंक्चर करके निकाला जाता है। लेकिन, यह गांठ पूरी तरह सॉलिड थी। गांठ के कारण महिला को सांस लेने की तकलीफ होने लगी थी। महिला का वजन भी बढ़ गया था। ऑपरेशन करने के लिए पेट के बड़े हिस्से पर चीरा लगाना पड़ा। कई डॉक्टर ऑपरेशन के लिए मना कर चुके थे डॉक्टर्स की टीम ने बताया कि महिला की तबीयत अब बिल्कुल ठीक है। एसएमएस अस्पताल आने से पहले वह आगरा, मथुरा समेत कई शहरों में सरकारी और प्राइवेट हॉस्पिटल में डॉक्टरों को दिखा चुकी थी। जहां सभी ने ऑपरेशन करने से मना कर दिया था। एसएमएस हॉस्पिटल में ऑपरेशन सर्जरी विभाग के सीनियर प्रोफेसर डॉक्टर जीवन कांकरिया के निर्देशन में डॉ. राजेंद्र बुगलिया और उनकी टीम डॉ. देवेंद्र सैनी, डॉ. अमित, डॉ. संदीप, डॉ. जे.पी. जाला, डॉ. तेजस और डॉक्टर आयुषी ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *