बुरहानपुर में वन क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से पहल की गई। गुरुवार को पुलिस और वन विभाग ने संयुक्त रूप से 80 किलोमीटर लंबा फ्लैग मार्च निकाला। इस अभियान में 150 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। नेपानगर थाने से दोपहर 12 बजे शुरू हुआ फ्लैग मार्च शाम 6 बजे तक चला। मार्च में 30 से ज्यादा गाड़ियां और 2 वज्र वाहन का इस्तेमाल किया गया। अभियान के दौरान टीम ने मांडवा, बाकड़ी, नीमसेठी, हीरापुर, पलासपानी, घाघरला, नावरा, डाभियाखेड़ा, हिवरा और सीवल क्षेत्रों का दौरा किया। मार्च में ये हुए शामिल-
मार्च में वन विभाग के एसडीओ अजय सागर, नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला, एसडीओपी निर्भय सिंह, नेपा थाना टीआई ज्ञानू जायसवाल, नेपानगर रेंजर श्रीराम पांडे, नावरा रेंजर पुष्पेंद्र जादौन और असीरगढ़ धूलकोट रेंजर तरुण अनिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही तहसीलदार, पटवारी और तीन थानों के पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। फ्लैग मार्च के माध्यम से वन संरक्षण के प्रयास
अप्रैल 2023 में प्रशासन ने वन क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया था। तब से नियमित रूप से गश्त और फ्लैग मार्च के माध्यम से वन संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। ये कार्रवाई वन क्षेत्रों में अतिक्रमण रोकने और वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की गई।


