आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में दाऊदपुर गांव के सामने सडक पार कर रहे युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गम्भीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से गम्भीर रुप से घायल युवक को चार पहिया वाहन से इलाज के लिए आजमगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान पप्पू यादव 32 पुत्र राजेंद्र यादव के रूप में हुई है। सड़क पर टहलते समय हुआ हादसा आजमगढ़ के जीयनपुर के रहने वाले पप्पू यादव खाना खाकर सड़क पर टहलते थे। इसी दौरान सड़क पार करके लघुशंका करने जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ की तरफ से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें पप्पू यादव बुरी तरह से घायल हो गए। घटना की सूचना सडक पर टहल रहे गांव के लोगों ने परिवार के लोगों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने चार पहिया वाहन से घायल युवक को लेकर जिला अस्पताल आजमगढ़ ले गए। जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले की सूचना पाकर जीयनपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। जिसकी अभी शादी नही हुई थी। घर पर रहकर मेहनत मजदूरी करता था। जीयनपुर कोतवाली में छोटे भाई विजय प्रताप यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई।


