राजसमंद कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने आज दिवेर व धानीन में जनसुनवाई कर किसान रजिस्ट्री शिविर में भाग लिया। कलेक्टर असावा ने कुंभलगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत धानीन व भीम उपखंड की ग्राम पंचायत दिवेर पहुंचे। जहां उन्होंने किसान रजिस्ट्री शिविर व ग्राम पंचायत स्तरीय जन सुनवाई में भाग लेकर आमजन की समस्याओं का समाधान किया। कलक्टर को ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, नाली निर्माण, अतिक्रमण, पट्टा दिलाने, राजस्व मामले की शिकायतें बताई। जिसके बाद मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर समाधान किए। कलेक्टर ने दिवेर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए केंद्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं, उनकी पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी ग्राम स्तरीय जनसुनवाई को गंभीरता से लें क्योंकि यहां शिकायत प्राप्त करने की पहली सीढ़ी हैं, अगर यहीं समस्या का समाधान हो जाए तो परिवादियों को भटकना नहीं पड़ेगा। वहीं एग्रीस्टैक अभियान के तहत आयोजित हो रहे किसान रजिस्ट्री शिविर का भी कलक्टर ने अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों को बताया कि 11 अंकों की किसान की एक यूनीक डिजिटल पहचान (किसान आईडी) है जिसमें किसान के जनसांख्यिकी विवरण, स्वामित्व वाली भूमि का विवरण एवं उसमें बोई गई फसलों व उपयोगी डेटा शामिल होगा। यह रजिस्ट्री किसान के आधार से जुड़ी हुई होगी।


