राजसमंद में नाथद्वारा नगर पालिका की सीमा विस्तार अधिसूचना जारी होने के ग्रामीणों के विरोध के बाद नाथद्वारा विधायक ने आज अधिसूचना वापस लेने के लिए पत्र लिखा। विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने ग्रामीणों के विरोध के बाद स्वायत्त शासन एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा को पत्र लिखकर अधिसूचना को तत्काल वापस लेने की मांग की है। विधायक मेवाड़ ने पत्र में बजाया कि नाथद्वारा नगर पालिका आयुक्त ने बिना प्रक्रिया का पालन किए प्रस्ताव भेजा, जिसमें न तो जनभावनाओं को ध्यान में रखा गया और न ही कलेक्टर व विधायक को सूचित किया गया। आयुक्त के प्रस्ताव के बाद गत 28 जनवरी को अधिसूचना जारी कर दी गई, जिससे स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है। उन्होंने पत्र में यह भी बताया कि नाथद्वारा में इस सीमा विस्तार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे है और यदि अधिसूचना वापस नहीं ली गई तो ये प्रदर्शन और बढ़ सकते हैं। विधायक ने मंत्री से इस अधिसूचना को तुरंत रद्द करने और आगे की सभी प्रक्रियाओं में जनता की भावनाओं और नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करने का आग्रह किया है। नाथद्वारा विधायक ने लोगो से कहा कि वे जन भावना के साथ हैं।


