जयपुर के जेईसीसी में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से एक कैनोपी में आग लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर सांगानेर सदर थाना पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची। करीब 20 मिनट में दमकल ने आग को कंट्रोल किया। आग लगने से कैनोपी में रखी दवाई और अन्य सामान जल गए। सांगानेर सदर थाने के एसआई प्रेम सिंह ने बताया कि दोपहर करीब साढे 3 बजे जेईसीसी में आग लगने की जानकारी मिली। इस पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान जयपुर एक्जिबिशन एंड कांफ्रेंस सेंटर (JECC) में डॉक्टर कॉन्फ्रेंस चल रही थी। कॉन्फ्रेंस हॉल के बाहर कैनोपी लगी हुई थी, उसी कैनोपी में अचानक आग लग गई। इस दौरान किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग लगने से कॉन्फ्रेंस हॉल में भगदड़ मच गई। कैनोपी में रखा सामान, दवाइयां, कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए।


