भास्कर न्यूज| लुधियाना नोबल फाउंडेशन द्वारा बिहारी कॉलोनी वाल्मीकि धर्मशाला में संचालित स्कूल की शाखा में वीरवार को नेत्र जांच शिविर लगाया गया। डीएमसी अस्पताल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 403 विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की आंखों की जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाएं दी गईं, जबकि 126 लोगों को मौके पर ही चश्मे उपलब्ध कराए गए। जांच के दौरान 7 मरीजों को ऑपरेशन की सलाह दी गई, जिनका डीएमसी अस्पताल में निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। संस्था मरीजों को अस्पताल लाने और वापस छोड़ने की भी व्यवस्था करेगी। शिविर का शुभारंभ निकस इंडिया के एमडी सुरेंद्र महेंद्रू ने किया, जबकि शिव फोजिंग के एमडी प्रवीण चड्ढा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। डीएमसी अस्पताल के आई डिपार्टमेंट की डॉक्टरों की टीम, जिनमें डॉ. प्रियंका, डॉ. महेश सतीजा, डॉ. अंशु और अन्य मेडिकल स्टाफ शामिल रहा, ने मरीजों की जांच की। संस्था के फाउंडर राजेंद्र शर्मा ने शिविर में सहयोग देने वाले डॉक्टरों, अतिथियों और शिक्षकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संस्था न केवल विद्यार्थियों की शिक्षा बल्कि उनके स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रख रही है। इस अवसर पर शाखा की अध्यापिकाएं आरती गुप्ता, अंजना शर्मा, ज्योति विग, दिव्या शर्मा, सरिता, करमजीत कौर, दीपशिखा और अमरजीत कौर ने शिविर के संचालन में योगदान दिया।


