छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में धान का टोकन नहीं मिलने पर परेशान किसान 120 ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। ग्राम कसौंदी में किसान अनिल गढ़वाल (35 साल) करीब 3 घंटे तक टावर पर चढ़ कर बैठा रहा। इस दौरान वह टावर पर कभी झूलते नजर आया तो कभी पोल पकड़कर नीचे उतरते नजर आया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किसान ने साफ कहा कि जब तक बचे हुए धान के बिक्री नहीं होगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। किसान की इस हरकत से वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। बाद में किसी तरह समझाकर उसे नीचे उतारा गया। किसान के हाईवोल्टेज ड्रामा से जुड़ी तस्वीरें देखिए धान नहीं बिका तो मानसिक रूप से परेशान था जानकारी के मुताबिक, ग्राम कसौंदी निवासी किसान अनिल गढ़वाल (35 साल) के पास करीब 2.77 एकड़ कृषि भूमि है। जिसमें वह धान की खेती करता है। अनिल का कहना है कि इस खरीफ सीजन में वो गोद धान मंडी में एक बार में 29 क्विंटल धान बेच चुका है, लेकिन उतनी ही मात्रा में यानी 29 क्विंटल धान अब तक नहीं बिकी। बार-बार प्रयास के बावजूद जब उसका टोकन नहीं कटा, तो वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया। गुस्से में 120 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ा शनिवार (31 जनवरी) सुबह करीब 9 बजे गुस्से में किसान घर से निकलकर सीधे गांव के पास लगे 120 फीट ऊंचे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। किसान की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर जमा हो गए। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, तहसीलदार राजकुमार मरावी भी प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार किसान को समझाने-बुझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन किसान टावर से उतरने को तैयार नहीं है। किसान ने दी चेतावनी टावर के ऊपर से किसान अनिल ने साफ कहा कि “जब तक मेरा बचा हुआ धान नहीं बिकेगा, मैं नीचे नहीं उतरूंगा।” किसान की चेतावनी से बढ़ी पुलिस-प्रशासन की बढ़ी टेंशन इधर, किसान की चेतावनी से पुलिस-प्रशासन टीम की धड़कनें बढ़ी रहीं। उन्होंने हालात को देखते हुए नगर सेना (होमगार्ड) की टीम को भी बुलाया लिया। रेस्क्यू के लिए जवान सुरक्षा जाली लेकर पहुंचे और टावर के नीचे जाली बिछा दी गई, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। पत्नी ने फोन पर की मिन्नतें, फिर भी नहीं माना किसान वहीं किसान के टावर पर चढ़ने की जानकारी परिजन को मिली। वह भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। पत्नी ने मोबाइल से पति अनिल से बात की और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन अनिल सुनने को तैयार नहीं था। वह टावर पर इधर-उधर टहलता रहा और अपनी जिद पर अड़ा रहा। तीन घंटे तक चला किसान का ड्रामा किसान का यह पूरा ड्रामा करीब तीन घंटे तक चलता रहा। किसान के इस हरकत से वहां मौजूद लोग काफी डर गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने भी सब्र से काम लिया। आखिरकार अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसान को सुरक्षित नीचे उतारा गया। किसान को नीचे उतारते ही पुलिस उसे अस्पताल ले गई। धान खरीदी को लेकर सरकार पर भड़के विधायक व्यास कश्यप जांजगीर के कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की धान खरीदी नीति में ऐसा कोई स्पष्ट लिखित आदेश नहीं है, फिर भी जांजगीर-चांपा जिले में किसानों के लिए खास तौर पर कठोर फैसले लिए जा रहे हैं। इसकी वजह से आज हजारों किसान परेशान हैं। कई किसानों के टोकन कट चुके हैं, तो कई ऐसे किसान हैं जिनके टोकन अब तक नहीं कट पाए हैं। इसी मजबूरी का नतीजा है कि ग्राम कसौंदी का एक किसान हाई टेंशन टावर पर चढ़कर विरोध कर रहा है। किसान का कहना है कि जब तक सरकार उसका धान नहीं खरीदेगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा। किसान के पास 150 कट्टी से ज्यादा धान बचा हुआ है और उस पर करीब डेढ़ लाख रुपये का कर्ज भी है। उन्होंने जांजगीर-चांपा जिले के किसानों के हित में तुरंत फैसला लेने की मांग की। विधायक ने कहा कि कलेक्टर महोदय को मौखिक नहीं, बल्कि लिखित आदेश जारी करने चाहिए, क्योंकि केवल मौखिक फैसले किसानों के हित में नहीं हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वे लगातार पंजीकृत किसानों की सही जानकारी लेने की मांग कर रहे हैं। अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आगे भी ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। …………………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… धान नहीं बेच पाया…जहर पीते किसान का VIDEO:बोला-प्रशासन के रवैये से त्रस्त हूं, भारतमाला परियोजना का भी मुआवजा नहीं मिला, खुदकुशी कर रहा हूं छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में किसान ने टोकन नहीं मिलने और भारतमाला परियोजना के तहत जमीन का मुआवजा नहीं मिलने से सुसाइड की कोशिश की है। बुधवार को किसान से वीडियो बनाया और कहा कि यहां किसान का कोई नहीं है, फिर उसने कीटनाशक पी लिया। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…


