भास्कर न्यूज | राउरकेला अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई के दौरान जब्त की गई गाड़ियाँ उदित नगर स्थित राउरकेला आबकारी विभाग के कार्यालय परिसर में धीरे-धीरे कबाड़ में तब्दील होती जा रही हैं। ये सभी वाहन अवैध शराब के साथ पकड़े गए थे, लेकिन न तो वाहन मालिक इन्हें न्यायालय से छुड़ा पा रहे हैं और न ही आबकारी विभाग द्वारा इनकी नीलामी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्थिति यह है कि वर्षों से लंबित मामलों के कारण सैकड़ों वाहन, खासकर दोपहिया वाहन, आबकारी कार्यालय परिसर में जमा हो चुके हैं। अब आबकारी कार्यालय में वाहनों को रखने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। कार्यालय के आगे ही नहीं, चारों ओर वाहन खड़े कर दिए गए हैं। जगह की कमी के कारण अब एक वाहन के ऊपर दूसरा वाहन रखा जा रहा है। खुले आसमान के नीचे पड़े रहने से लगभग सभी वाहन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। इससे न केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान हो रहा है, बल्कि कार्यालय परिसर की व्यवस्था और स्वच्छता भी प्रभावित हो रही है। न्यायिक प्रक्रिया में हो रही देरी और नीलामी से जुड़ी प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन वाहनों के निपटान की ठोस व्यवस्था नहीं की गई, तो यह परिसर पूरी तरह कबाड़खाने में तब्दील हो जाएगा। आबकारी दफ्तर में रखे गए दोपहिया वाहन।


