भिवानी सीआईए स्टाफ ने पकड़ा हत्या आरोपी:गाड़ी लगाकर रास्ता रोका, गोलियां चलाकर किया मर्डर, राजस्थान का रहने वाला

भिवानी सीआईए स्टाफ-2 ने जयकुमार उर्फ भादर की हत्या के मामले में एक गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। भिवानी के गांव बिधवान निवासी अजीत ने थाना शिवानी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। 6 नवबंर 2023 को वह अपने भतीजे जयकुमार उर्फ भादर तथा दो अन्य व्यक्तियों के साथ कैंपर गाड़ी में गांव बिधवान से सिवानी आए थे। दोपहर के समय जब वे घघाला गांव के पास पहुंचे तो सामने से आई एक बोलेरो तथा एक अन्य कैंपर गाड़ी ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। इन वाहनों से उतरकर 8-10 युवकों ने शिकायतकर्ता के भतीजे जयकुमार पर फायरिंग कर दी। उसी दौरान पीछे से आई दो अन्य गाड़ियों से उतरे युवकों ने भी जयकुमार को जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना सिवानी में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। राजस्थान का रहने वाला है आरोपी सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के जिला जयपुर के गांव कावराशा निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए मोबाइल फोन उपलब्ध कराया था, जिससे आरोपियों के बीच आपसी संपर्क स्थापित किया गया। आरोपी एक संगठित आपराधिक गिरोह का सदस्य है तथा उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई केस दर्ज हैं। इस केस में अब तक कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *