कांकेर जिले में मिले नर कंकाल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके बॉयफ्रेंड ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर की थी। पुलिस के अनुसार, युवती अपने बॉयफ्रेंड पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। 22 जनवरी को पखांजूर थाना क्षेत्र के बड़े कापसी में एक मानव कंकाल मिला था। यह कंकाल एक युवती का था, जिसकी पहचान पोस्टमार्टम और कंकाल के साथ मिले कपड़ों के आधार पर बड़े कापसी निवासी संगीता उसेंडी के रूप में हुई। युवती के कॉल डिटेल खंगालने पर मिला सुराग नर कंकाल की पहचान होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। युवती के कॉल डिटेल खंगाले गए, जिसके बाद उसके बॉयफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शादी के लिए दबाव डालने पर रची हत्या की साजिश पूछताछ में सामने आया कि मृतका संगीता उसेंडी आरोपी दिनेश दुग्गा पर शादी के लिए दबाव डाल रही थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और अपने दोस्तों के साथ मिलकर युवती का गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपी दिनेश दुग्गा ने 16 नवंबर 2025 को युवती को मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान उसने अपने दोस्त समनदीप पन्ना और एक नाबालिग के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।


