छत्तीसगढ़ के धमतरी में जिला साहू संघ का शपथ ग्रहण समारोह और तेलीनसत्ती माता महोत्सव का आयोजन तेलीनसत्ती माता प्रांगण में संपन्न हुआ। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रदेश अध्यक्ष ने शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने जिला साहू संघ की मांग पर 20 लाख रुपए देने की घोषणा की। सभी वक्ताओं ने समाज के संगठन पर जोर दिया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम ग्राम तेलीनसत्ती में आयोजित किया गया था। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तेलीनसत्ती माता और कर्मा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंच पर सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। जिला साहू संघ के अध्यक्ष गणेश राम साहू ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि यह दिन केवल शपथ ग्रहण का नहीं, बल्कि संकल्प, संघर्ष और समाज निर्माण का है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों ने पद की नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, ईमानदारी और समाजसेवा की शपथ ली है। जिला साहू संघ ने समाज परिसर के लिए 50 लाख की मांग की साहू ने जोर दिया कि समाज एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि एकता, संगठन और अनुशासन से आगे बढ़ता है। उन्होंने समाज के हर बच्चे को शिक्षा, हर युवा को दिशा, हर मातृशक्ति को सम्मान और हर जरूरतमंद को सहारा देने की बात कही। उन्होंने अंतरजातीय विवाह और धर्मांतरण रोकने पर भी बल दिया। इस दौरान उन्होंने समाज परिसर के लिए 50 लाख रुपये की मांग भी रखी। कार्यक्रम में आराध्या साहू द्वारा पंडवानी और ग्राम तरसीवां की महिला राउत नाचा टीम द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने उद्बोधन में धमतरी जिले को छत्तीसगढ़ का सबसे समृद्ध और साहू समाज की दृष्टि से सबसे शिक्षित जिला बताया। उन्होंने कहा कि धमतरी से पूरे प्रदेश का विघ्नहरण होगा। समाज के हर वर्ग को जोड़ने पर जोर, साथ खड़े होने की अपील: साव साव ने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर मजदूर, गरीब, शिक्षित और अशिक्षित लोगों को समाज से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज को उनके सुख-दुख और परेशानियों में उनके साथ खड़ा होना चाहिए, ताकि उन्हें अपने बड़े समाज का हिस्सा होने का एहसास हो। उपमुख्यमंत्री ने समाज में संस्कार के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यापार और शिक्षा में वृद्धि के साथ-साथ परिवार को संस्कारों की चिंता भी करनी चाहिए। उन्होंने अपनी पूर्व घोषणा के अनुरूप समाज को 20 लाख रुपये देने की बात दोहराई।


