बलरामपुर जिले के सेंदुर नदी में रेत के नीचे दबा मिला एक शव रायगढ़ निवासी विश्वनाथ केरकेट्टा का निकला है। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह शव बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सतिसेमर स्थित सेंदुर नदी किनारे 29 जनवरी 2026 को मिला था। गुरुवार शाम ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव को रेत में दबाकर छिपाया गया प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शव को रेत में दबाकर छिपाया गया था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। 31 जनवरी 2026 को शव की पहचान विश्वनाथ केरकेट्टा (51) निवासी ग्राम सलिया पारा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई। इस मामले में बलरामपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 21/2026, धारा 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट में होगा खुलासा इस मामले में थाना प्रभारी भापेंद्र साहू ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। पुलिस फिलहाल संदिग्धों की तलाश में जुटी है और जल्द ही मामले में महत्वपूर्ण खुलासे की उम्मीद है।


