युवा लेखक कुमार अजय को सृजन सेवा संस्थान, श्रीगंगानगर द्वारा सुरजाराम जालीवाला राजस्थानी सृजन सम्मान प्रदान किया जाएगा। संस्थान ने शनिवार शाम अपने वार्षिक पुरस्कारों की घोषणा की। संस्थान के अध्यक्ष अरुण शहैरिया ‘ताइर’ और कृष्ण कुमार आशु ने बताया कि कुमार अजय को उनके राजस्थानी सृजन के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है। इस वर्ष डॉ. पुरुषोत्तम अग्रवाल, मनीषा कुलश्रेष्ठ, कैलाश मनहर, डॉ. मदन सैनी, डॉ. हरिनारायण, पवन पहाड़िया और मोनिका गौड़ सहित अन्य साहित्यकारों को भी सम्मानित किया जाएगा। चूरू जिले के घांघू गांव में जन्मे कुमार अजय राजस्थानी और हिंदी के जाने-माने लेखक हैं। राजस्थानी में उनके कविता संग्रह ‘संजीवणी’, ‘ऊभौ हूं अजै’ और ‘रिंकी टेलर’ विशेष रूप से चर्चित रहे हैं। हिंदी में उनके कविता संग्रह ‘कहना ही है तो कहो’ तथा डायरी पुस्तकें ‘मैं चाहूं तो मुस्करा सकता हूं’ और ‘आत्माओं में घुले दुख’ भी उल्लेखनीय हैं। कुमार अजय को इससे पहले साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार 2013, बसंती देवी धानुका युवा साहित्यकार पुरस्कार, ग्राम गदर पत्रकारिता पुरस्कार 2006, कुलिश स्मृति कलम से स्वराज पत्रकारिता पुरस्कार 2007 और मायड़ रत्न अलंकरण सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। वे वर्तमान में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में उप निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।


