बाड़मेर में शनिवार की शाम सवारियों से भरी बोलेरो कैंपर बेकाबू होकर पलटी खा गई। इससे गाड़ी में सवार 27 में से 26 घायल हो गए, इनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल है। घटना रामसर थाना इलाके के बबुगुलेरिया रोड स्थित जानकी बेरी गांव में शाम करीब सवा 6 बजे की है। सवारियां जैसलमेर जिले में स्थित मालण माता मंदिर (बरियाड़ा) के दर्शन कर घर लौट रहे थी, इसी दौरान हादसा हो गया। सूचना पर रामसर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद लोगों की मदद से कैंपर में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस से रामसर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। देखिए- हादसे की 4 तस्वीरें जानकारी के अनुसार- भलीसर गांव निवासी एक ही परिवार के बच्चे, महिलाएं और पुरुष समेत करीब 27 जने बोलेरो कैंपर में सवार होकर जैसलमेर के फतेहगढ़ जाजंरा गांव मालण माता का मंदिर दर्शन करने के लिए गए थे। वापस गांव लौटने के दौरान बबुगुलेरिया रोड पर जानकी की बेरी गांव के पास गाड़ी बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतरकर पलटी खा गई। हादसे में कई सवारियां गाड़ी में ही फंस गई। गुजर रहे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस व पुलिस को मौके पर बुलाया। गंभीर घायलों का रामसर हॉस्पिटल में भिजवाया गया। वहां पर प्राथमिक इलाज के बाद 23 घायलों को बाड़मेर हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद रामसर थाना इंचार्ज पदमाराम मौके पर पहुंचे। घटना में करीब बच्चे, महिलाएं समेत करीब 26 जने घायल हुए हैं। मौके पर एसपी नरेंद्र सिंह मीना, एसडीएम समेत अधिकारी मौके पर पहुंचे। रामसर इंचार्ज पदमाराम ने बताया- बबुगुलेरिया गांव के पास जानकी बेरी गांव में बोलेरो पलटी हुई थी। जिसमें बच्चे, महिलाएं समेत 26 जने घायल हुए है। रामसर हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद 23 घायलों को बाड़मेर लाया गया। यहां से एक गंभीर घायल धुड़ी (45) पत्नी सालाराम निवासी भलीसर को जोधपुर रेफर कर दिया गया है। बाकी सभी का बाड़मेर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। बाड़मेर हॉस्पिटल में 22 का इलाज जारी हादसे की सूचना के बाद जिला हॉस्पिटल में डॉक्टरों की टीम पहुंची। वहीं पीएमओ हनुमान चौधरी ने हॉस्पिटल प्रशासन को अलर्ट किया। रामसर से तीन एम्बुलेंस और तीन प्राइवेट गाडियों में घायलों को लेकर आए। वहां पर इलाज चल रहा है। हॉस्पिटल में एएसपी नीतेश आर्य, डीएसपी रमेश कुमार शर्मा, कोतवाल मनोज कुमार, महिला थानाधिकारी देवीचंद ढाका समेत पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।


