6 साल पुराने जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष:डीग में भाई-भाई भिड़े, लाठी-पत्थरों से हमला; एक पक्ष के 4 लोग अस्पताल में भर्ती

डीग जिले के खोह में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। भाई-भाई के बीच 6 साल से चल रहे जमीन बंटवारे के विवाद में लाठी-पत्थरों से हमला हुआ, जिसमें सब्बा पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में 55 वर्षीय सब्बा, 14 वर्षीय अमीसा, 22 वर्षीय बुसरा और 28 वर्षीय सद्दाम को चोटें आईं। सभी घायलों को डीग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। दूसरे पक्ष उस्मान की तरफ से भी एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। घायल सद्दाम के अनुसार, उस्मान से उनका जमीनी विवाद पिछले 6 वर्षों से चल रहा था, जिसको लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं। उन्होंने इस संबंध में सीओ कार्यालय और खोह थाने में शिकायत भी दर्ज करा रखी थी। शुक्रवार दोपहर जब वे घर पर बैठे थे, अचानक उस्मान अपने परिवार के लोगों के साथ आया और सब्बा पर लाठियों से हमला कर दिया। बचाव में आई एक महिला और बच्ची भी इस हमले में घायल हो गईं। सूचना मिलते ही खोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद जमीन के बंटवारे को लेकर था। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *