भास्कर न्यूज | अमृतसर थाना छेहर्टा पुलिस ने इलाके में नामी कंपनी के नाम पर नकली पेंट बेचकर ठगी करने वाले दुकान मालिक सहित 2 लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। नई दिल्ली के मयूर विहार फेस-1 स्थित जेपी कॉम्प्लेक्स निवासी अनुज कुमार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एशियन पेंट्स कंपनी की ओर से अधिकृत फर्म एसजीएस आईपीआर कंस्लटेंसी एलएलपी में सीनियर इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। उनकी जिम्मेदारी कंपनी के नाम से बिक रहे नकली या मिलते-जुलते उत्पादों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना है। अनुज कुमार सिंह ने बताया कि 30 जनवरी को वह अपनी टीम के साथ जांच के सिलसिले में दिल्ली से सिटी में पहुंचे थे। जांच के दौरान उन्हें सूचना मिली कि जीटी रोड छेहर्टा स्थित गुरु नानक पेंट एंड हार्डवेयर स्टोर पर नकली पेंट बेचा जा रहा है। दुकान के मालिक हरमंदीप सिंह और सिमरन सिंह नकली पेंट की बाल्टियों को एशियन पेंट्स का असली उत्पाद बताकर आम लोगों को ऊंचे दामों पर बेच रहे थे। टीम की ओर से दुकान पर जांच करने के दौरान वहां से एशियन ट्रू केयर एक्सटीरियर वॉल प्राइमर और इकोनॉमी इंटीरियर वॉल प्राइमर की कई बाल्टियां बरामद की गईं।


