रमना | शनिवार की सुबह रमना थाना क्षेत्र के मानदोहर गांव के समीप एनएच-39 पर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गढ़वा की ओर जा रहे ट्रक में पीछे से पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन एक ही दिशा में जा रहे थे। हादसे में ट्रक और पिकअप के चालक व खलासी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद कुछ समय के लिए एनएच-39 पर यातायात बाधित हो गया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही रमना थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। गढ़वा | मेराल थाना क्षेत्र के नेनुआ मोड़ के पास चलती टेंपो में शनिवार को अचानक आग लग गई। इस घटना में एक महिला घायल हो गई। घायल महिला का पहचान कांडी थाना क्षेत्र के शिवरी गांव निवासी अरविंद पासवान की 36 वर्षीय पत्नी इंद्रावती देवी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में अरविंद पासवान ने बताया कि इंद्रावती के दो भतीजे सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनसे मिलने भवनाथपुर अस्पताल गया हुआ था। भवनाथपुर से मिलकर गढ़वा सदर अस्पताल आ रहे थे। इसी बीच नेनुवा मोड़ के पास अचानक टेंपो में आग लग गई। इसके बाद टेंपो का चालक टेंपो छोड़कर फरार हो गया। उसके बाद टेंपो सड़क पर चलता रहा। टेंपू पर बैठे लोगों को एक-एक कर नीचे उतर रहे थे। इसी बीच इंद्रावती नीचे गिर गई जिसे उसके माथे में चोट लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।


