68वीं झारखंड ओपन एथलेटिक मीट के दूसरे दिन साइकिल रेसव राइफल शूटिंग बनी आकर्षण का केंद्र

भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा एथलेटिक एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 68वीं झारखंड ओपन एथलेटिक मीट के दूसरे दिन प्रतियोगिताएं दर्शकों के लिए रोमांच और उत्साह का केंद्र रहीं। इस अवसर पर साइकिल रेस और राइफल शूटिंग प्रतियोगिताओं ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। यह प्रतियोगिता झारखंड की सबसे पुरानी एथलेटिक प्रतियोगिताओं में से एक मानी जाती है, जिसे जीवंत बनाए रखना सभी का दायित्व है, ऐसा संगठन सचिव संजय कुमार साहू ने कहा। स्वागत समिति के अध्यक्ष हाजी अफसर कुरैशी ने कहा कि लोहरदगा की पहचान एथलेटिक प्रतियोगिता से भी जुड़ी है और इसे और बेहतर बनाना जरूरी है। निदेशक एफ.डी. इंटरप्राइजेज हाजी जब्बारुल ने इसे शहर में छिपी खेल प्रतिभा को सामने लाने का बेहतरीन मंच बताया। पुरुष वर्ग की साइकिल रेस 25 किलोमीटर की दूरी भंडरा चट्टी से शुरू हुई, जबकि महिला वर्ग की 10 किलोमीटर की रेस भंडरा से सुभारंभ हुई। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान लोहरदगा के रामबिलास पासवान ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान सोमा उरांव (सिसई, गुमला) और तृतीय स्थान सहबीर उरांव (लोहरदगा) के नाम रहा। महिला वर्ग में लोहरदगा की नीमा कुमारी विजेता बनीं, द्वितीय स्थान आरती कुमारी (गुमला) और तृतीय सीता कुमारी साहू (लोहरदगा) को मिला। राइफल शूटिंग में पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान रोहित साहू (लोहरदगा) ने प्राप्त किया, सुदीप मालाकार (धनबाद) द्वितीय और सौरभ साहू (लोहरदगा) तृतीय रहे। महिला वर्ग में अनुपमा जाना (जमशेदपुर) प्रथम, लक्ष्मी कुमारी मंन्हो (लोहरदगा) द्वितीय और अंजलि कुमारी (रांची) तृतीय रहीं। इस दिन लांग जंप, हाफ स्टेप ऑफ जम्प, ऊंची कूद, तीरअंदाजी और 10,000 मीटर रेस का आयोजन भी किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और जलेबी रेस ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। समारोह में दशकों से सेवा देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। विजेताओं को प्रमुख अतिथियों, विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य उमेश्वर नाथ तिवारी, संतोश पंडा, संजय कुमार साहू, अनवर खान, अभिजीत पात्रा, हाजी अफसर कुरैशी और कार्यकारी सचिव किशोर कुमार वर्मा भी उपस्थित थे। मंच संचालन और कार्यक्रम का समन्वय सफलतापूर्वक किया गया। 68वीं झारखंड ओपन एथलेटिक मीट का यह दूसरा दिन खेलकूद, प्रतिस्पर्धा और उत्साह के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें युवा प्रतिभाओं ने अपने दमखम का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *