नृत्य-नाटक के बीच कला संगम की स्मारिका सर्जना का विमोचन, नाटकों और लोक-शास्त्रीय नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोहा

भास्कर न्यूज | गिरिडीह कला संगम के तत्वावधान में सबेरा सिनेमा हॉल में आयोजित चार दिवसीय स्व. उमा रानी ताह स्मृति 25वीं अखिल भारतीय बहुभाषी नाटक, शास्त्रीय नृत्य व लोकनृत्य प्रतियोगिता के तीसरे दिन कला का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में नाटकों के मंचन के साथ-साथ शास्त्रीय एवं लोक नृत्य की प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। इसी क्रम में कला संगम की स्मारिका सर्जना का भव्य विमोचन किया गया। स्मारिका सर्जना का विमोचन सलूजा गोल्ड के चेयरमैन अमरजीत सिंह सलूजा, कला संगम के संरक्षक पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद, संरक्षक राजेंद्र बगड़िया, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, अध्यक्ष प्रकाश सहाय, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज ताह, सचिव सतीश कुंदन, प्रधान संपादक राकेश सिन्हा, संपादक सुनील मंथन शर्मा, गिरिडीह कॉलेज के प्रिंसिपल व साहित्य प्रमुख अनुज कुमार, डॉ. शैलेंद्र चौधरी सहित कई व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से किया। विमोचन समारोह के दौरान सलूजा गोल्ड के चेयरमैन अमरजीत सलूजा ने कहा कि कला संगम कला और संस्कृति को संरक्षित करने का कार्य कर रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। संरक्षक पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद ने कला संगम की पूर्व गतिविधियों का उल्लेख करते हुए इसके योगदान को याद किया। नौ कलाकारों को दिगम्बर प्रसाद नाट्य श्री व कला श्री सम्मान स्मारिका विमोचन से पहले स्व. दिगम्बर प्रसाद की स्मृति में देशभर के नौ कलाकारों को नाट्य श्री और कला श्री सम्मान से सम्मानित किया गया। स्व. दिगम्बर प्रसाद की तस्वीर पर माल्यार्पण के बाद निम्न कलाकारों को सम्मान दिया गया। नाट्य श्री सम्मान में असम के जयप्रकाश शर्मा, अमर शर्मा, जमशेदपुर के श्याम कुमार, ओडिशा के निहार रंजन मिश्रा, गिरिडीह के विश्वजीत साहू, जीवल महतो, सूरज खन्ना और कला श्री सम्मान में गिरिडीह के सुनील लाभ, प्रीति भास्कर को मिला। जबकि मंच का संचालन नीतीश आनंद ने किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल में शिवानी भट्टाचार्य, सरसी चंद्रा, वशिष्ठ प्रसाद सिन्हा, अशोक मानव, शिवलाल सागर, मो. निजाम, डॉ. पुष्पा सिन्हा, डॉ. तारकनाथ देव, संदीप सिन्हा, राजेंद्र तरवे, रविश आनंद, सुजाता कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में काफी संख्या में दर्शक भी उपस्थित रहे और उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *