भास्कर न्यूज़ | अमलीपदर गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम अमलीपदर क्षेत्र में पशु संरक्षण एवं कल्याण को लेकर एक सराहनीय पहल की गई। हरिहर वेलफेयर फाउंडेशन एवं पशुधन विकास विभाग मैनपुर के संयुक्त तत्वावधान में विशेष पशु स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। क्षेत्र में पशुओं में लगातार कृमि (परजीवी) संक्रमण की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिससे पशु कमजोर, कुपोषित हो रहे थे तथा त्वचा संक्रमण और घाव की समस्याएं बढ़ रही थीं। इस स्थिति से सबसे अधिक लावारिस कुत्ते प्रभावित पाए गए, जिसके चलते नवजात पिल्लों की मृत्यु की घटनाएं भी सामने आईं। समस्या की गंभीरता को देखते हुए अभियान के दौरान 50 पशुओं को डी-वॉर्मिंग (क्रीमी नाशक) दवाइयां दी गईं। वहीं 40 स्थानों पर डिटिकिंग दवा का छिड़काव किया गया तथा 60 घायल एवं अस्वस्थ पशुओं का उपचार किया गया। इसके साथ ही 100 से अधिक पशुओं के लिए आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।


