भास्कर न्यूज | बालोद एक फरवरी को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया है। कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने जिले के सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे व्यापम द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग दें। परीक्षार्थी को कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केन्द्र पहुंचना अनिवार्य है। परीक्षा शुरू होने 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। प्रथम पाली में सुबह 9:30 बजे से, द्वितीय पाली में दोपहर 3 बजे से होगी। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य, काले, गहरे नीले, जामुनी, मैरून आदि रंग के कपड़े वर्जित। स्वेटर बिना पॉकेट, हल्के रंग का और आधी बांह का होना चाहिए। धार्मिक, सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले रिपोर्ट करना होगा। फुटवियर में केवल चप्पल, कान में आभूषण वर्जित। परीक्षा कक्ष में संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना वर्जित रहेगा। केवल काले या नीले बॉलपॉइंट पेन लाना अनिवार्य। नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई होगी और अभ्यर्थिता समाप्त की जा सकती है। कलेक्टर ने कहा कि अभ्यर्थी समय पर पहुंचें और सभी नियमों का पालन करें ताकि परीक्षा का निष्पक्ष एवं सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके। बताया गया कि केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही प्रश्न पत्र वितरण से लेकर उत्तरपुस्तिका संग्रह तक हर चरण पर निगरानी होगी। अनियमितता पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी।


