भास्कर न्यूज | बालोद डौंडी के पेट्रोल पंप से 43 लाख रुपए के ट्रक चोरी मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करवाने वाले ट्रांसपोर्टर नरेन्द्र जायसवाल, मनेन्द्र और लखन लाल जायसवाल को गिरफ्तार कर शुक्रवार को रिमांड में भेजा। इस मामले में एक आरोपी फरार है। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। नरेन्द्र व मनेन्द्र जायसवाल के खिलाफ चोरी के पहले आबकारी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज है। पुलिस के अनुसार जिस प्रार्थी ने थाने पहुंचकर चोरी होने की सूचना देकर एफआईआर दर्ज कराई थी, वह भी गिरोह में शामिल था। 26 जनवरी को प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि ट्रक को 22 जनवरी की रात अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गया। जिसके बाद धारा 303 (2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसपी ने साइबर सेल व डौंडी थाने से विशेष टीम गठित किया। टीम ने त्रिनयन एप के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इस दौरान चोरी हुए ट्रक को चिन्हांकित कर डौंडी, लोहारा देवरी, राजनांदगांव से सकोली, देवरी, नागपुर के सैकड़ो सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान नागपुर महाराष्ट्र के आसपास कैम्प कर खरीदी करने वाले ट्रांसपोर्टर से ट्रक को बरामद कर पूछताछ की, तब मालूम हुआ कि आरोपी नरेन्द्र जायसवाल व मनेन्द्र जायसवाल स्वयं ट्रक को नागपुर के एक दलाल के माध्यम से बेचने के लिए आया था। आरोपी ने जानकारी दी है कि माइंस में ट्रक नहीं लगने से किस्त का भुगतान नहीं कर पा रहे थे। इस वजह से ट्रक को बेचकर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने का प्लान बनाए।


