गुना के गादेर इलाके में तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर जा रहे ससुर दामाद में से ससुर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि बस के अचानक आगे के दोनों पहिए निकल गए थे, इसके बाद अनियंत्रित बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बस में बैठा एक नाबालिग भी घायल हो गया था। जानकारी के अनुसार चांचौड़ा इलाके के देवी का पुरा गांव के रहने वाले पहलवान (65) पिता जगन्नाथ अपने दामाद हरिचरण (45) पिता पूरन लाल केवट के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गुना आ रहे थे। दोपहर लगभग 12 बजे जैसे ही वह ग्रीन माउंटेन रिसॉर्ट के सामने पहुंचे, पीछे से आ रही एक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सहित नीचे गिर गए। पहलवान केवट को सिर में चोट आई। सूचना मिलने पर NHAI की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें लेकर जिला अस्पताल आई। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में बस में बैठा विमल (17) भी घायल हो गया। अस्पताल में मृतक पहलवान के शव का पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया। बस के दोनों पहिए निकल गए
जानकारी के अनुसार बस ब्यावरा तरफ से आ रही थी और ग्वालियर तरफ जा रही थी। गादेर स्थित ग्रीन माउंटेन के सामने ब्लैक स्पॉट है। यहां पहले भी कई एक्सीडेंट हो चुके हैं। इस कारण यहां गाड़ियों की स्पीड स्लो करने के लिए स्टॉपर लगे हैं। बस तेज रफ्तार में आ रही थी। अचानक स्टॉपेज पर टर्न करने के कारण बस के आगे के दोनों पहिए निकल गए। बस घिसटती हुई आगे चल रही बाइक से भिड़ गई। मृतक पहलवान के रिश्तेदार कल्याण केवट ने बताया कि आज गुना में एक शादी थी। इसके लिए वह कल ही गुना आ गए थे, क्योंकि उन्हें बेटी के लिए एक रिश्ता भी देखना था। बाकी के लोग आज आने वाले थे। ससुर पहलवान अपने दामाद हरिचरण के साथ आज बाइक से शादी में शामिल होने के लिए गुना आ रहे थे। इसी दौरान बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।


