भास्कर न्यूज | चंडीपारा जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में ग्रामीणों को लोहे के धारदार चाकू और एयरगन से डरा-धमकाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ग्राम चंण्डीपारा (नहर मुहल्ला) में ये बदमाश लोगों को तंग कर रहे थे, जिससे इलाके में भय का माहौल बन गया था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा का अहसास मजबूत हुआ। 30 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर थाना पामगढ़ पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई में दोनों आरोपी धराए गए। उनके पास से लोहे का चाकू और एयरगन जब्त की गई। गिरफ्तार युवक गोविंदा बंजारे (28) निवासी पामगढ़ और अमन खन्ना (23) निवासी चंण्डीपारा हैं। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज हुआ। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।


