धौलपुर जिले में कोल्ड स्टोरेज व्यापार को नई दिशा मिलने जा रही है। रीको स्थित कोल्ड स्टोर पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व प्रधान देवेंद्र जादौन (मोनू) को सर्वसम्मति से जिले की कोल्ड समिति का अध्यक्ष चुना गया। बैठक में जिले के सभी कोल्ड स्टोरेज मालिकों ने किसान हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। नवनियुक्त अध्यक्ष जादौन ने बताया कि अगली बैठक में कोल्ड स्टोरेज के किराए की नई दरें तय की जाएंगी। साथ ही किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत बाहरी व्यापारियों को किसानों का आलू उचित मूल्य पर बेचने के निर्देश दिए गए हैं। समिति ने सभी कोल्ड स्टोरेज प्रबंधकों को किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने का निर्देश दिया है। बैठक में केदार पोसवाल, अंकित मित्तल, कृष्णकांत त्यागी, ओमप्रकाश नेपाली, हरविलास त्यागी, रिंकू परमार, अजय बंसल, मुकेश चंद्र अग्रवाल और गिरीश गर्ग सहित प्रमुख कोल्ड स्टोरेज मालिक मौजूद रहे।


