ईस्ट जोन यूथ फेस्टिवल में डीएसपीएमयू का ऐतिहासिक प्रदर्शन, झारखंड में प्रथम व जोनल स्तर पर जीता दूसरा स्थान

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) ने एक बार फिर राष्ट्रीय फलक पर झारखंड का मान बढ़ाया है। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के तत्वावधान में फकीर मोहन विश्वविद्यालय, बालासोर (ओडिशा) द्वारा आयोजित ‘ईस्ट जोन यूथ फेस्टिवल–2026’ में विश्वविद्यालय ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए जोनल स्तर पर द्वितीय (ओवरऑल रनर-अप) और झारखंड राज्य के विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 27 से 30 जनवरी तक चले इस प्रतिष्ठित महोत्सव में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुल 20 प्रमुख विश्वविद्यालयों ने शिरकत की। 31 जनवरी को आयोजित भव्य समापन समारोह में परिणामों की घोषणा की गई, जिसमें डीएसपीएमयू ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए संगीत, थिएटर और परफॉर्मिंग आर्ट्स श्रेणियों में ‘ओवरऑल चैंपियन’ का खिताब अपने नाम किया। सांस्कृतिक विकास का नया मील का पत्थर… विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के अनुशासन, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। यह गौरव न केवल विश्वविद्यालय के लिए है, बल्कि पूरे झारखंड के लिए एक मिसाल है कि राज्य की युवा प्रतिभा सांस्कृतिक और रचनात्मक क्षेत्रों में देश के किसी भी बड़े संस्थान को टक्कर देने में सक्षम है। संगीत एवं गायन: संगीत विभाग के लिए यह वर्ष स्वर्णिम रहा। ग्रुप सॉन्ग (भारतीय) और ग्रुप सॉन्ग (पाश्चात्य) दोनों ही श्रेणियों में विश्वविद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, क्लासिकल वोकल सोलो में द्वितीय और फोक ऑर्केस्ट्रा में भी द्वितीय स्थान हासिल किया। ललित कला: रचनात्मकता के क्षेत्र में डीएसपीएमयू के विद्यार्थियों ने अपनी कला का जादू बिखेरा। क्ले मॉडलिंग और कार्टूनिंग में विश्वविद्यालय को प्रथम स्थान मिला, जबकि रंगोली प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। थिएटर एवं अभिनय: मंचीय प्रस्तुतियों में अपनी गहराई दिखाते हुए विश्वविद्यालय ने वन एक्ट प्ले और माइम (मूक अभिनय) दोनों ही श्रेणियों में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बौद्धिक एवं साहित्यिक: जनरल क्विज में विश्वविद्यालय ने जोनल स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि हिंदी भाषण प्रतियोगिता में चतुर्थ स्थान हासिल किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *