दौसा कलेक्टर देवेन्द्र कुमार ने नांगल राजावतान पंचायत समिति क्षेत्र की श्यालावास ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की समस्याओं को सुना और मौके पर ही निस्तारण किया। उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप स्थानीय स्तर पर ही जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। जहां सभी जिला एवं ब्लॉक स्तरीय विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में कलेक्टर ने आमजन की समस्याओं का निस्तारण किया। कलेक्टर ने प्रत्येक परिवादी को सुना और संबंधित अधिकारियों को परिवादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान आमजन ने बिजली, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, चरागाह सीमाज्ञान कराने, श्रम एवं शिक्षा विभाग की छात्रवृत्ति दिलवाने, आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत एवं नया केंद्र खुलवाने, जमाबंदी शुद्धीकरण, राशन कार्ड में नाम सही कराने एवं आम रास्ता चालू कराने जैसे 33 परिवाद आए। जिनमें से 12 परिवादों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों में विभिन्न स्तरों पर निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की गई है। कलेक्टर ने ग्रामीणों से एग्रीस्टैक योजनांतर्गत लग रहे शिविरों में फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनवाकर खेती-किसानी से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। रात्रि चौपाल में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार मीणा, नांगल राजावतान एसडीएम यशवंत मीणा, तहसीलदार, बीडीओ, सरपंच सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।


