मानसा पुलिस ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के करीबी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कुल सात लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें से चार अभी फरार हैं। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। यह पूरी साजिश फिरोजपुर जेल में बंद गैंगस्टर जस्सी पंचर और विदेशों में बैठे जशन इंग्लैंड व हुसैन कनाडा ने रची थी। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए जस्सी पंचर, कमल मद्दी और प्रभजोत सिंह उर्फ खाद्दा को मानसा की कोर्ट में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। विशेष रूप से, जस्सी पंचर को पहले ही प्रोडक्शन वारंट पर मानसा पुलिस ने फिरोजपुर जेल से अपनी हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर अन्य दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फरार आरोपियों में जशन इंग्लैंड और हुसैन कनाडा भी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, जहां विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।


