भास्कर न्यूज | मुकडेगा ग्राम पोतरा में इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी पर 12वां पोतरा महोत्सव बड़े उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। यह महोत्सव 26 जनवरी से 30 जनवरी तक पांच दिनों तक चला। खेल, संस्कृति, लोककला और सामाजिक समरसता से भरपूर कार्यक्रमों ने पूरे ग्राम को उत्सव की रंगत से सराबोर कर दिया। महोत्सव में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता, पुरुष कबड्डी और महिला कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के साथ आसपास के जिलों से आए खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अनुशासन व खेल भावना का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक मंच पर आयोजित लोकनृत्य, पारंपरिक नृत्य और डांस प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लैलूंगा विधायक विद्यावती कुंजबिहारी सिदार रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार अपनी धर्मपत्नी के साथ उपस्थित रहे। इसके अलावा बीडीसी जनपद सदस्य रामप्यारी खेडआमा, सरपंच मीरा सिदार, उपसरपंच गोदावरी सिदार, पंचायत प्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य और ग्राम के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


