फ्लाइंग स्क्वॉड और पुलिस बल तैनात

भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले में छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीजी- टीईटी) 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी, लापरवाही या नकल की आशंका को खत्म करने के लिए प्रशासन ने परीक्षा प्रेक्षकों को विस्तृत और सख्त प्रशिक्षण दिया है। डिप्टी कलेक्टर देवांगन ने बताया कि सीजी- टीईटी परीक्षा 1 फरवरी को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली में सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक और द्वितीय पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5.45 बजे तक परीक्षा ली जाएगी। प्रथम पाली में 9 परीक्षा केंद्र में 2967 परीक्षार्थी और द्वितीय पाली में 14 परीक्षा केंद्र में 4407 परीक्षार्थी एग्जाम दिलाएंगे। इस तरह जिले में 23 केंद्रों पर कुल 7,374 परीक्षार्थी शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होंगे। जिले में परीक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर ने साफ शब्दों में कहा कि परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने सभी प्रेक्षकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। जबकि डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन ने व्यापमं के नियमों के अनुरूप प्रेक्षकों को तकनीकी और प्रशासनिक प्रशिक्षण दिया। परीक्षा को निष्पक्ष और नकल-विहीन बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। फ्लाइंग स्क्वॉड द्वारा सतत निगरानी की जाएगी। केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही प्रश्न पत्र वितरण से लेकर उत्तरपुस्तिका संग्रह तक हर चरण पर निगरानी होगी। अनियमितता पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान व्यापमं द्वारा जारी परीक्षा दिशा-निर्देशों को विस्तार से समझाया गया। विशेष रूप से प्रश्न पत्रों की सुरक्षित प्राप्ति और सीलबंदी, परीक्षा समय-सारणी का कड़ाई से पालन, गोपनीयता नियमों का अक्षरशः अनुपालन, तकनीकी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की चूक से बचाव और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के बारे में बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *