राजनांदगांव| भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। इसी क्रम में राजनांदगांव जिले से युवा नेता चिंटू सोनकर को भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चिंटू सोनकर का राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन छात्र राजनीति से प्रारंभ हुआ, जहां उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से विद्यार्थियों के हक एवं अधिकारों के लिए अनेक बड़े आंदोलन एवं संघर्षों का नेतृत्व किया। छात्रहित, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा युवाओं की आवाज को बुलंद करने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव उल्लेखनीय रही है। साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी वे पूर्व में जिला मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। संगठन को और सुदृढ़ बनाने नोमेश वर्मा एवं आशुतोष को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति की घोषणा के पश्चात जिले भर के युवाओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


