भास्कर न्यूज | सिकोसा ग्राम कोटगांव के किसान अपने धान को समर्थन मूल्य पर बेचने में कठिनाई का सामना कर रहे हैं। धान की प्रति किसान लिमिट कम होने के कारण कई किसानों को टोकन नहीं मिल पा रहे हैं। किसान दुर्गा राम देशमुख ने बताया कि उनके खाते में कुल 1460.80 क्विंटल धान है, जबकि गुरुवार को उन्हें सिर्फ 500 क्विंटल का टोकन मिला। इससे उनके खाते में बचे 646.80 क्विंटल धान के लिए कोई टोकन जारी नहीं किया गया। खरीद केंद्र के कंप्यूटर में गुरुवार को यह दिखाया गया कि सिर्फ 100 क्विंटल ही कट सकता है। कोटगांव खरीद केंद्र में कुल 39 किसान इसी तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं। अन्य प्रभावित किसानों में सालिक देशमुख, तुलसी देशमुख, कमलेश ठाकुर, तुलसी राम सिन्हा, संजय महेश्वर, उद्दाल सिन्हा, शिव राम यदु, कल्याण यदु, कृपा राम यादव, गजाधर यदु, कृष्ण कुमार यदु शामिल हैं। पहले प्रति दिन खरीदी मात्रा 1212 क्विंटल, फिर 900 क्विंटल, और गुरुवार से केवल 500 क्विंटल कर दी गई है।


