कोंडागांव में किसान मेला शुरू:32 किलो का कद्दू बना मुख्य आकर्षण, आधुनिक तकनीकों की दी गई जानकारी

कोंडागांव में शनिवार, 31 जनवरी 2026 को किसान मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने इसका उद्घाटन किया। दो दिवसीय इस मेले में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह मेला नगर के बंधा तालाब गार्डन में आयोजित किया गया। इसमें खेती, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन और मुर्गी पालन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। किसानों द्वारा अपने खेतों में उगाई गई फसलों, सब्जियों, फलों और अन्य उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण ग्राम पल्ली के किसान पाखलू मरकाम द्वारा लाया गया 32 किलो वजनी देशी कद्दू रहा। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। मेले में सब्जी, फल, फूल और होम गार्डनिंग मॉडल बने आकर्षण मेले में सब्जियों की विभिन्न किस्में, फल, फूलों की अलग-अलग प्रजातियां, शो प्लांट और होम गार्डनिंग के मॉडल प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों के माध्यम से यह बताया गया कि किस प्रकार सीमित स्थान और आधुनिक तरीकों से घर पर ही सब्जियां और पौधे उगाए जा सकते हैं। सब्जियों के साथ-साथ नारियल से बने विभिन्न उत्पादों की भी प्रदर्शनी लगाई गई थी। मत्स्य और पशुपालन विभाग ने दी उन्नत तकनीकों की जानकारी मत्स्य पालन विभाग ने वैज्ञानिक पद्धति से मछली पालन, मछली के साथ बतख पालन के लाभ और उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। वहीं, पशुपालन विभाग द्वारा उन्नत नस्ल के बकरे-बकरियां, कड़कनाथ मुर्गी, बतख, बटेर तथा पशुओं के चारे का प्रदर्शन कर किसानों को उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। जिला कलेक्टर नुपुर राशि पन्ना ने बताया कि किसान मेला आयोजित करने का विचार विधायक का था और यह जिले में पहला प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से किसानों के अनुभव अन्य किसानों तक पहुंचेंगे। कलेक्टर ने घोषणा की कि भविष्य में ऐसे आयोजन हर वर्ष किए जाएंगे और दिसंबर माह में पुनः किसान मेला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि अगली बार 32 किलो नहीं, बल्कि 40 किलो का कद्दू प्रदर्शनी में लाकर एक नया रिकॉर्ड बनाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *