बैतूल में पशु से दुष्कर्म का वीडियो सामने आने के बाद आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने दो दुकानें जला दीं। इनमें से एक आरोपी की दुकान है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। घटना रविवार को दामजीपुरा की है। घटना के बाद से तनाव का माहौल है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद सुबह 10 बजे से ही बवाल शुरू हो गया था। आक्रोशित भीड़ ने सबसे पहले आरोपी की दुकान में आग लगा दी। इसके बाद पास की एक अन्य दुकान में भी तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी। घटना की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों में गुस्सा भड़क उठा और आसपास के जिलों से भी लोग दामजीपुरा पहुंचने लगे। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया। एसपी वीरेंद्र जैन और प्रभारी कलेक्टर अक्षत जैन भी मौके के लिए रवाना हुए हैं। 3 थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात
हालात को काबू करने के लिए भैंसदेही, चिचोली और मोहदा थानों का पुलिस बल मौके पर भेजा गया है। पुलिस लाइन से वज्र वाहन और अतिरिक्त बल सुबह 11.45 बजे रवाना किया गया। दोपहर करीब 1.35 बजे पुलिस फोर्स गांव पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को हटने के लिए कहा और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है। देखिए घटना की तस्वीरें… कई दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा
घटना के दौरान कई दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है। टायर पंक्चर दुकान, इलेक्ट्रॉनिक दुकान, मोबाइल दुकान और टेलरिंग शॉप में तोड़फोड़ की गई। दो दुकानों में आगजनी भी की गई। इसके अलावा कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया गया। जानकारी के मुताबिक घटना के दौरान भीड़ अलग-अलग मोहल्लों में घूमती रही। बाजार बंद कराए गए और इसके बाद दुकानों में तोड़फोड़ की गई। आरोपी की पहचान कर हिरासत में लिया
जानकारी के अनुसार, सुबह हिंदू संगठनों ने एसडीओपी को कॉल कर दुष्कर्म मामले में आवेदन देने की बात कही थी। मोहदा थाना प्रभारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बाद में वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। मौके पर यह भी बताया गया कि वायरल वीडियो पुराना है। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस चौकी में घुसकर आरोपी के साथ मारपीट की। इसके बाद हालात बिगड़ते चले गए और बवाल की स्थिति बन गई। एसपी बोले- हालात नियंत्रण में, आरोपी पकड़ा गया
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि उपद्रव की सूचना मिलते ही पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा गया। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं मोहदा थाना प्रभारी वी.के. मौर्य ने बताया कि जिस युवक पर आरोप है, उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन्होंने कहा कि मामला इतना बड़ा हो जाएगा, इसका अंदेशा नहीं था। 2500 की आबादी वाला गांव, पुलिस पहुंचने में लगी देर
दामजीपुरा गांव बैतूल जिला मुख्यालय से करीब 110 किमी दूर स्थित है। गांव की आबादी लगभग 2500 है, जिसमें 30 से 40 मुस्लिम परिवार रहते हैं। यहां राठौर और कोरकू समाज की बहुसंख्यक आबादी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बवाल सुबह ही शुरू हो गया था, लेकिन पुलिस बल को मौके पर पहुंचने में कुछ समय लग गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।


